मायावती का बड़ा बयान: धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सही, जंतर-मंतर लाठीचार्ज के दोषियों पर कार्रवाई और छात्रों की FIR वापस लेने की मांग
लखनऊ: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए बसपा सुप्रीमो
Mayank Verma

Media via 8NewsNetwork
लखनऊ: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया देते हुए बसपा सुप्रीमो एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि देश के छात्रों और युवाओं के आंदोलन के चलते उनका इस्तीफा देना उचित फैसला है। उन्होंने कहा कि यदि यह निर्णय पहले ले लिया जाता, तो और बेहतर होता।
मायावती ने केंद्र सरकार से मांग की कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्र-छात्राओं पर लाठी-डंडों से कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में छात्र गंभीर रूप से घायल हुए।
उन्होंने विशेष रूप से उन पुरुष पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक और आपराधिक कार्रवाई की मांग की, जिन पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित बदसलूकी और बल प्रयोग के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पुलिसकर्मियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने का साहस न कर सके।
बसपा प्रमुख ने यह भी मांग की कि आंदोलन में शामिल छात्रों और युवाओं के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर और शिकायतें वापस ली जाएं, ताकि उनका भविष्य प्रभावित न हो, उन्हें थानों और अदालतों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा देश में सौहार्दपूर्ण वातावरण बन सके।
साथ ही मायावती ने आंदोलनकारियों से अपील की कि वे अपने संघर्ष का किसी भी राजनीतिक दल द्वारा राजनीतिकरण न होने दें और अपने भविष्य को भी खराब न होने दें।