JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विधानसभा मार्च, स्ट्रेचर पर पहुंचे अनशनकारी देवेंद्र नाथ महतो
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
रांची। झारखंड की राजधानी रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर अभ्यर्थियों ने विधानसभा की ओर मार्च निकाला। इस दौरान नौ दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो भी आंदोलन में शामिल हुए।
स्वास्थ्य खराब होने के बावजूद महतो एंबुलेंस से प्रदर्शन स्थल तक पहुंचे और स्ट्रेचर पर लेटकर मार्च में शामिल हुए। उन्होंने दावा किया कि कंटीले तारों की बाड़ और बैरिकेडिंग पार कर वह प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे।
मीडिया से बातचीत में महतो ने कहा कि वह भूख हड़ताल पर हैं और चलने की स्थिति में नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद अभ्यर्थियों की मांगों के समर्थन में आंदोलन में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को अभ्यर्थियों की मांगें माननी होंगी।
महतो ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस से टकराव और भगदड़ की आशंका भी जताई। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर वह अपनी जान जोखिम में डालकर भी आंदोलन में शामिल रहेंगे। समाचार एजेंसी एएनआई की ओर से जारी वीडियो में महतो को स्ट्रेचर पर लेटे हुए देखा गया, जबकि कुछ लोग उन्हें उठाकर आगे ले जाते नजर आए।