जंतर-मंतर पर संजय कुमार से मारपीट का मामला, NHRC में शिकायत
मेरठ, 4 सितंबर। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जून 2026 को हुए प्रदर्शन के
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
मेरठ, 4 सितंबर। नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर 23 जून 2026 को हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रा निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट और चोट पहुंचाने के मामले को लेकर अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता आदेश प्रधान ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) में शिकायत दर्ज कराई है।
आदेश प्रधान ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान संजय कुमार के साथ मारपीट की गई, जिसमें उनके सिर पर गंभीर चोट आई और उन्हें सात टांके लगाए गए। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए मेडिकल रिपोर्ट, MLC, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, CCTV फुटेज और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों को जांच में शामिल करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में यह सामने आता है कि हमला अनुसूचित जाति से संबंधित होने के कारण लक्षित कर किया गया था और SC/ST Act की कानूनी शर्तें पूरी होती हैं, तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, यदि उपलब्ध साक्ष्यों से जान से मारने का आशय या ऐसा आपराधिक कृत्य प्रमाणित होता है जिससे मृत्यु की संभावना पैदा हुई हो, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
आदेश प्रधान ने कथित सोशल मीडिया वीडियो और पॉडकास्ट में सामने आए राजनीतिक संपर्क या संरक्षण से जुड़े दावों की स्वतंत्र एवं फोरेंसिक जांच की मांग भी की। उन्होंने कहा कि जिन प्रभावशाली लोगों के संबंध में संरक्षण या हस्तक्षेप के दावे सामने आए हैं, उनकी भूमिका की जांच तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए।
शिकायत में NHRC से संबंधित पुलिस अधिकारियों से Action Taken Report और विस्तृत रिपोर्ट तलब करने, CCTV व डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने, मेडिकल दस्तावेजों की जांच कराने तथा पीड़ित और गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है। साथ ही पुलिस कार्रवाई में लापरवाही, पक्षपात या बाहरी हस्तक्षेप पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
आदेश प्रधान ने कहा कि उनकी मांग किसी राजनीतिक दल के खिलाफ कार्रवाई की नहीं, बल्कि कानून के समक्ष समानता, निष्पक्ष जांच और पीड़ित को न्याय दिलाने की है।