मेरठ: SC छात्र के एडमिशन मामले में NCSC का अनुस्मारक-II, CCSU से 7 दिन में रिपोर्ट तलब
मेरठ: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) के पत्रकारिता एवं जनसंचार
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
मेरठ: चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (CCSU) के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में वर्ष 2021 के प्रवेश प्रकरण को लेकर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने विश्वविद्यालय प्रशासन को अनुस्मारक-II जारी किया है। आयोग ने CCSU के रजिस्ट्रार से मामले से संबंधित अपेक्षित सूचना 7 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है।
आयोग के 27 अगस्त के पत्र में कहा गया कि इस मामले में पहले 11 जून और 4 अगस्त 2026 को पत्र जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में अपेक्षित सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद आयोग ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए दोबारा सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि आयोग के अध्यक्ष को मामले की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके।
मामला मेरठ निवासी मयंक कुमार वर्मा की शिकायत से जुड़ा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2021 में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में प्रवेश के दौरान उनके साथ जातिगत भेदभाव, मानसिक उत्पीड़न और शिक्षा से वंचित किए जाने जैसा व्यवहार किया गया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि आवश्यक दस्तावेज और प्रवेश शुल्क जमा करने के बावजूद उनका प्रवेश विश्वविद्यालय पोर्टल पर लॉक नहीं किया गया। कुछ समय तक उन्हें कक्षाओं में बैठने दिया गया, लेकिन उपस्थिति दर्ज नहीं की गई। शिकायत में विभाग के कुछ अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर भेदभावपूर्ण रवैया और जातिसूचक टिप्पणियों के आरोप भी लगाए गए हैं।
अब NCSC ने CCSU प्रशासन से 7 दिन के भीतर अपेक्षित सूचना मांगी है। शिकायतकर्ता का कहना है कि आयोग की प्रक्रिया से वर्ष 2021 के घटनाक्रम के तथ्यों की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।