वंश कुशवाहा मौत मामला: राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग पहुंचा परिवार, मेरठ SSP से रिपोर्ट तलब करने के निर्देश
शोषित क्रांति दल के प्रतिनिधिमंडल ने आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति से की मुलाकात, एफआईआर दर्ज न होने पर उठाए सवाल
8NewsNetwork

Media via 8NewsNetwork
नई दिल्ली/मेरठ। मेरठ के कक्षा 9 के छात्र वंश कुशवाहा की मौत के मामले में सोमवार को नया मोड़ आ गया। शोषित क्रांति दल का एक प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष रविकांत के नेतृत्व में पीड़ित परिवार के साथ दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने आयोग की अध्यक्ष को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए मामले में अब तक एफआईआर दर्ज न होने और कार्रवाई में देरी का मुद्दा उठाया।
प्रतिनिधिमंडल की ओर से बताया गया कि आयोग की अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने सचिव को निर्देश दिए हैं कि मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को पूरे प्रकरण की आख्या (रिपोर्ट) सहित तलब किया जाए।
शोषित क्रांति दल का आरोप है कि 28 मई 2026 को कक्षा 9 के छात्र वंश कुशवाहा की उसके चार साथियों ने पानी में डुबोकर हत्या कर दी थी। यहाँ दावा है कि घटना के बाद से पीड़ित परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन पुलिस ने अब तक मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है।
इससे पहले शुक्रवार को पीड़ित परिवार ने शोषित क्रांति दल के कार्यकर्ताओं के साथ मेरठ कमिश्नरी पार्क में करीब पांच घंटे तक धरना-प्रदर्शन भी किया था। प्रदर्शन के बावजूद कार्रवाई न होने पर परिवार ने राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग का दरवाजा खटखटाया।
प्रतिनिधिमंडल में मेरठ महानगर अध्यक्ष वरुण कुमार, अधिवक्ता दिनेश कुमार, अक्षित शर्मा, आदेश गगोल, रोहित यादव और राहुल एडवोकेट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने पर समाचार को अपडेट किया जाएगा।